राज्यपाल ने विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में शुक्रवार को प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। अभिभाषण में उन्होंने कहा कि सरकार ने लगभग सभी वादे पूरे दिए हैं। सरकार की कथनी और करनी में अंतर नहीं रहा।
मौसम की मार से प्रभावित किसानों को प्रदेश सरकार ने सबसे पहले और सबसे ज्यादा राहत राशि दी। 102 व 108 एंबुलेंस से 1.28 करोड़ से ज्यादा लोगों को इलाज का फायदा पहुंचाया गया।
45 लाख परिवारों के खाते में समाजवादी पेंशन भेजी जा रही है। प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ा है और पिछले सरकार की तुलना में ऊर्जा के बजट में तीन गुना वृद्धि हुई है।
विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी के बीच राज्यपाल ने कहा, मेरी सरकार ने हर साल जनता के सामने विकास का एजेंडा रखा। पूरे साल उस पर तेजी से असरदार कार्यवाही की। हमारी मेहनत रंग लाई और बड़ी संख्या में विकास योजनाएं अमल में आती दिख रही हैं।