यूपी सरकार खादी उत्पादों को देश भर का मार्केट उपलब्ध कराने के लिए एक बड़ी ऑनलाइन कंपनी से बात कर रही है। सरकार का मकसद है कि खादी को देशी के साथ ही विदेशी मार्केट में भी बेचा जा सके।
इसके लिए एक बड़ी ऑनलाइन कंपनी से एमओयू साइन हो चुके हैं। जिसके बाद इस साइट पर खादी की 10 इकाइयां ऑनलाइन मौजूद हैं। वहीं, दूसरी ऑनलाइन साइट पर 40 खादी इकाइयों को बेचने के लिए उपलब्ध कराने की बात की जा रही है।
प्रमुख सचिव, खादी एवं ग्रामोद्योग नवनीत सहगल का कहना है कि इसके लिए 40 खादी के उत्पादों का चयन कर लिया गया है। पिछले दो वर्षों में रायबरेली के नेशनल फैशन टेक्नालॉजी इंस्टीट्यूट में 240 से ज्यादा लोगों को खादी के उत्पाद बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है वहीं, अधिक रोजगार सृजन के लिए सोलर चरखा प्रशिक्षण एवं वितरण की योजना भी बनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि खादी में रोजगार सृजन के साथ ही इसे लोगों के लिए सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे कि खादी के बने उत्पादों को देश भर का बाजार उपलब्ध करवाया जा सके।