समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फूलपुर में जहरीली शराब से 7 लोगों की मौत पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार सत्ता के संरक्षण में दोगुनी रफ्तार से चल रहा है। अब तक दर्जनों लोग जहरीली शराब पीकर जान गंवा बैठे हैं। शराब माफियाओं के हौसले इतने बढ़े हुए हैं कि वे सरकारी कायदे कानून को ठेंगा दिखाते हुए तस्करी व अवैध शराब की बिक्री खुलेआम कर रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में पुलिस व आबकारी विभाग की जानकारी में ही अवैध ढंग से शराब की तस्करी, जहरीली शराब बनाने और बेचने का काम हो रहा है। बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र में भाजपा नेता ने उधार शराब न देने पर सेल्समैन की पिटाई कर दी। कई ठेके भाजपा नेताओं ने ले रखे हैं। वे भी जल्दी माल कमाने के फेर में दिखाई देते हैं।
बाराबंकी में जहरीली शराब से 12 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह हापुड़ में 12, सहारनपुर में 64 और फिरोजाबाद में 2 लोग मरे। इटावा, रामपुर, जालौन में भी मौतें हुई हैं। नकली जहरीली शराब पीकर मौतों का यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। पहले भी कई दर्दनाक घटनाएं हो चुकी हैं, परंतु कोई इनसे सबक नहीं लेता है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता की हद है कि नकली शराब के धंधेबाजों पर नकेल कसने में वह अब तक गंभीर नहीं हुई है।