राजधानी लखनऊ के चार मेधावी प्रशिक्षार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होने का गौरव मिलेगा। 21 नवंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में आयोजित होने वाले पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के 52 ऑल इंडिया टॉपर को सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें चार लखनऊ के हैं, जबकि एक-एक प्रशिक्षार्थी फैजाबाद और देवरिया से हैं।
डायरेक्टर जनरल ऑफ ट्रेनिंग (डीजीटी) की ओर से सम्मानित होने वाले 52 मेधावियों की सूची जारी कर दी गई है। चयनित प्रशिक्षार्थियों में अखिल भारतीय शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) के 37 और शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) के 15 टॉपर शामिल हैं। यूपी के छह चयनित प्रशिक्षार्थियों में आईटीआई अलीगंज के अब्दुल मोबीन और प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र (आईटॉट) अलीगंज के शहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा और प्रतिभा शामिल हैं। वहीं, फैजाबाद की काजल महावर और देवरिया के नीतेश चौरसिया भी सम्मानित होंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह की मेजबानी उत्तर प्रदेश को मिलना प्रदेश की मजबूत प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की बढ़ती दक्षता का प्रमाण है। इससे प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण हासिल कर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलेगी। समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसमें देशभर से 1500 से अधिक प्रशिक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
आईटॉट के प्रशिक्षार्थियों का दबदबा
आईटॉट लखनऊ के निदेशक डीके सिंह के मुताबिक, संस्थान 2015 से संचालित है और वर्तमान में 23 व्यवसायों में प्रशिक्षण दे रहा है। यहां के प्रशिक्षार्थी पिछले पांच वर्षों से लगातार ऑल इंडिया टॉपर बन रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ष 2024-25 में 10 व्यवसायों के 19 टॉपर्स में से 16 और 2025-26 में 19 व्यवसायों के 38 टॉपर्स में से 34 इसी संस्थान के रहे हैं।