प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड पर चल रहे सपा नेता आजम खां से पूछताछ में जांच एजेंसी को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। शनिवार को भी ईडी अधिकारी उनका बयान दर्ज नहीं कर सके। इस बीच आजम खां के वकील ने उनसे मुलाकात की। हालांकि, मुलाकात के दौरान क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ईडी की टीम जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनसे पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य आधार यूनिवर्सिटी के निर्माण पर खर्च हुई रकम और उसके स्रोत हैं। ईडी को ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी के रिकॉर्ड में निर्माण खर्च को लेकर बड़ा अंतर मिला है। आयकर रिटर्न में निर्माण पर 78.32 करोड़ रुपये खर्च दिखाया गया है, जबकि जांच में इसकी लागत करीब 494 करोड़ रुपये आंकी गई है। करीब 426 करोड़ रुपये के इस अंतर का हिसाब एजेंसी आजम खां से जानना चाहती है।
गुरुवार को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने ईडी को आजम खां की चार दिन की कस्टडी रिमांड दी थी। 12 नवंबर की शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर की शाम 4:30 बजे तक ईडी उनसे पूछताछ कर सकती है। सरकारी ठेकों की रकम के कथित इस्तेमाल, जमीन की खरीद और जौहर ट्रस्ट को मिले चंदे से जुड़े सवाल भी जांच के दायरे में हैं।