कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर भाजपा एक समय में पचास हजार लोगों की ई- रैली करने को तैयार है। पहली और दूसरी लहर के दौरान पार्टी वर्चुअल रैली, बैठकें और वेबिनार के आयोजन से वह इस प्लेटफॉर्म की क्षमता भी परख चुकी है। चुनाव के लिए आईटी सेल और सोशल मीडिया के उपयोग के लिए प्रदेश मुख्यालय से लेकर जिलों तक न केवल बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है, बल्कि 11 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षित टीम भी तैयार की है।
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के संयोजक कामेश्वर मिश्रा बताते हैं, कोरोना के मद्देनजर पार्टी ने एक बार में पचास हजार लोगाें की ई-रैली की तैयारी की है। पार्टी के पास प्रदेश से लेकर जिलों तक वर्चुअल बैठक और मल्टीपल कॉन्फ्रेंस के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है। सभी जिला कार्यालयों में कॉन्फ्रेंस रूम के साथ डाटा तैयार करने और भेजने की सुविधा है। बैठकों, वेबिनार और ई-रैली के लिए खास सॉफ्टवेयर तैयार कराए गए हैं। कार्यकर्ताओं को इस तरह से प्रशिक्षित किया गया है कि एक संदेश भेजते ही कुछ ही देर में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विधायक, सांसद सभी बिना किसी परेशानी के ऑनलाइन जुड़ जाते हैं।
आईटी का वॉर रूम तैयार
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आईटी का वॉर रूम भी तैयार हो गया है। बड़ी संख्या में आईटी एक्सपर्ट वॉर रूम में तैनात किए गए हैं। आईटी के एक्सपर्ट पार्टी के चुनाव प्रबंधन में मदद करने के साथ सोशल मीडिया टीम को भी प्रचार-प्रसार में सहयोग कर रहे हैं। हर मंडल में तीन, विधानसभा क्षेत्र में पांच, जिला स्तर पर तीन सदस्यीय सोशल मीडिया टीम भी तैयार हो चुकी है। प्रदेश कार्यालय में तैयार सोशल मीडिया के वार रूम के जरिये सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर विपक्ष की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उनका तुरंत पलटवार भी किया जा रहा है।
‘भूले तो नहीं’ अभियान भी
सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अंकित सिंह चंदेल बताते हैं, ‘सोच ईमानदार-काम दमदार’ अभियान के तहत मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों का सोशल मीडिया पर प्रचार किया जा रहा है। वहीं ‘भूले तो नहीं’ अभियान के तहत बसपा, सपा शासनकाल में हुए दंगे, भ्रष्टाचार, अराजकता, अपराध की याद दिलाई जा रही है। ‘फर्क साफ है’ अभियान के जरिये सपा, बसपा सरकार की तुलना में भाजपा सरकार में स्थापित कीर्तिमानों और सुधारों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इतनी पहुंच
47 लाख 38 हजार से अधिक फॉलोअर हैं यूपी भाजपा के फेसबुक पेज के
29 लाख से अधिक फॉलोअर हैं यूपी भाजपा के ट्विटर अकाउंट के