उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम आने में अब कुछ घंटों का ही समय रह गया है। इससे जहां सियासी दलों की धड़कन बढ़ी हुई है तो सट्टा बाजार भी तेजी पर है। दिल्ली, मुंबई, नागपुर व पुणे, इंदौर से लेकर अहमदाबाद तक में यूपी के चुनावी रण पर सट्टा लग रहा है। बीजेपी व सपा की हार-जीत से लेकर, पार्टियों की सीटों की संख्या, जिलों की प्रमुख सीटों व दिग्गजों की हार-जीत तक पर खूब दांव लग रहे हैं।
शुरुआती दौर में तो सट्टा बाजार में सपा गठबंधन व अखिलेश यादव छाए रहे, लेकिन तीसरे चरण के मतदान के बाद साइकिल पिछड़ती ही चली गई। मौजूदा समय में बीजेपी और योगी पर अधिक भरोसा देखने को मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक यूपी चुनाव पर अब तक करीब 500 करोड़ रुपये का सट्टा लग चुका है।
चुनाव की शुरुआत में अखिलेश यादव का माहौल बनते देख सट्टा बाजार में सपा पर करोड़ों के दांव लग गए। हालांकि, जैसे-जैसे चरण पूरे होते गए, सट्टा बाजार में बीजेपी का दांव बढ़ता व सपा का घटता रहा। मंगलवार को सपा पर सट्टे का भाव एक पर तीन रुपये बताया गया। यानी, 3200 रुपये लगाने पर 10 हजार मिलेंगे।
जीत की गुंजाइश कम होने के कारण तीन गुना तक रेट बढ़ने पर भी अब सपा पर न के बराबर ही दांव लग रहे हैं। वहीं, बीजेपी की जीत व योगी की दोबारा ताजपोशी के प्रबल आसार देख सट्टे का भाव सौ पर 130 हो गया है। इस पर भी महज 24 घंटे में बीजेपी पर कई करोड़ का दांव लगाया गया है।
सट्टा बाजार हाईलाइट्स
यूपी में आएंगे तो योगी ही
बीजेपी गठबंधन को 238-240 सीटें
सिर्फ बीजेपी की सीटें 200
सपा की सीटें 120-145
बसपा 10-25 सीटें
कांग्रेस 02-06 सीटें
इस तरह लग रहे दांव
मुख्यमंत्री योगी अपनी सीट से लगभग कितने वोट से जीतेंगे।
बीजेपी को सवा दो सौ से ढाई सौ सीटें मिलेंगी।
बीजेपी को ढाई सौ से अधिक सीटें मिलेंगी।
अखिलेश यादव व एसपी सिंह बघेल की हार-जीत पर भी लगे हैं दांव।
सपा सौ सीट का आंकड़ा पार करेगी या नहीं।
सपा डेढ़ सौ सीट का आंकड़ा पार करेगी या नहीं।
लखनऊ पश्चिम व मध्य सीट पर ही लगा है करोड़ों रुपये का दांव।
कांग्रेस दहाई तक पहुंचेगी या नहीं, इस पर भी लगे हैं दांव।
स्वामी प्रसाद मौर्य व नीलकंठ तिवारी पर भी लगे दांव।