आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले कुछ दिनों से रात के तापमान में हो रही गिरावट थमने के साथ ही इसमें आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से रात में जारी शीतलहर समाप्त होती नजर आई। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के हरदोई, बाराबंकी और बलिया में शुक्रवार रात शीतलहर की स्थिति रही। इसी क्रम में 4.4 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन में शुक्रवार को लखनऊ की सबसे ठंडी रात रही। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की संभावित क्रमिक वृद्धि के आसार हैं।
पूरे प्रदेश में शनिवार की सुबह रहा कोहरा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में रात में चल रही शीतलहर की परिस्थितियों में सुधार के बावजूद प्रदेश भर में घने से बहुत घने कोहरे के कारण दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है। ज्यादातर स्थानों पर दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटने से मौसम खुशगवार हो जाएगा लेकिन शाम से लेकर सुबह देर तक ठंड का असर बना रहेगा। 20 जनवरी से कोहरे में कमी आने के आसार हैं। वहीं दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू होने की भी संभावना है। इस बारिश के 23 जनवरी को प्रदेश के संलग्न मध्यवर्ती भागों तक पहुंचने की संभावना के दृष्टिगत 20 जनवरी से प्रदेश में पड़ रही ठंड में व्यापक सुधार की संभावना है।