यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की प्रैैक्टिकल परीक्षाएं 15 दिसंबर से शुरू होंगी। शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की सचिव नीना श्रीवास्तव ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया। परीक्षा का आयोजन दो चरणों में मंडलवार किया जाएगा। पहले चरण की परीक्षाएं 15 से 29 दिसंबर तक आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, मिर्जापुर, देवीपाटन और बस्ती मंडल में आयोजित की जाएंगी, जबकि दूसरे चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 30 दिसंबर से 13 जनवरी तक इलाहाबाद, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, आजमगढ़, वाराणसी और गोरखपुर मंडल में होंगी।
प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संबंध में अन्य जरूरी जानकारी एवं परीक्षकों की नियुक्ति आदि से संबंधित सूचनाएं परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त होंगी। इंटरमीडिएट के प्रयोगात्मक विषयों में निर्धारित पूर्णांक में से पचास प्रतिशत अंक आंतरिक परीक्षक और पचास प्रतिशत अंक बाह्य परीक्षक देेंगे।
इसी तरह व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए जिन विद्यालयों को प्रयोगात्मक परीक्षा का केंद्र निर्धारित किया जाएगा, उन विद्यालयों से संबंधित विषयों के अध्यापक पचास प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन व्यवस्था के तहत प्रदान करेंगे और बाकी पचास फीसदी अंक बाह्य परीक्षक देंगे।