भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश कार्यालय बेहद भव्य व अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। जियामऊ में छह मंजिला हाईटेक प्रदेश कार्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण(एलडीए) की नीलामी में जमीन खरीद ली गई है।
यह नया दफ्तर अत्याधुनिक सुविधाओं और नई तकनीक से लैस होगा, जो कई मायनों में बेहद खास होने जा रहा है। अभी विधानसभा के सामने भाजपा का प्रदेश कार्यालय है। यहां जगह कम होने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। इतना ही नहीं कार्यालय को विस्तार देने की भी गुंजाइश कम है। ऐसे में जियामऊ में नया प्रदेश कार्यालय बनाने की तैयारी है। जो पूरी तरह से नई तकनीक पर आधारित एक छह मंजिला इमारत होगी। मीडिया और जनसंचार को ध्यान में रखते हुए इसमें आधुनिक प्रेस रूम व कॉन्फ्रेंस के लिए हाईटेक हॉल का निर्माण करवाया जाएगा। इसके अलावा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी बैठकें और समन्वय स्थापित करने के लिए एक विशाल हॉल भी तैयार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - तीन दिन की सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से, एसटीएफ की निगरानी में स्ट्रांग रूम पहुंचे पेपर; ऐसे प्राप्त करें प्रवेश पत्र
ये भी पढ़ें - अपनी सरकार के खिलाफ मुखर हुए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, कहा- मुठभेड़ में किसी को मारना ठीक नहीं
छत पर बनेगा हेलीपैड, होगी आवासीय सुविधा
इस नए प्रदेश कार्यालय की सबसे बड़ी खासियत इसके छठे तल पर प्रस्तावित हेलीपैड है, जिससे वीआईपी आवाजाही आसान हो जाएगी। दूरदराज से आने वाले कार्यकर्ताओं व संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सुविधा के लिए इमारत में आवासीय परिसर भी बनाया जाएगा। इससे जरूरत पड़ने पर वे वहां रुक सकेंगे। भाजपा संगठन के पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों और प्रकोष्ठों के प्रभारियों के लिए अलग से विशेष कक्ष और एक भव्य स्वागत कक्ष भी तैयार किया जाएगा।
रणनीतिक रूप से बेहद अहम है लोकेशन
जियामऊ में बनने जा रहा यह नया कार्यालय भौगोलिक और रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थान साबित होगा। यह न सिर्फ प्रस्तावित नई विधानसभा के बेहद करीब होगा, बल्कि यह उस मुख्य मार्ग पर स्थित है, जो सीधे मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय तक जाता है। इस नए मुख्यालय के बनने से भाजपा के सांगठनिक कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।