सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बदायूं की घटना प्रशासन की नाकामी है। उन्होंने दोहराया कि कई विभागों में प्रतियोगिता चल रही है कि कौन अपना स्तर ज्यादा गिराएगा। उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। नौजवानों का भविष्य में अंधकारमय हो गया है। स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हो चुकी हैं। अखिलेश यादव बुधवार को प्रदेश सपा मुख्यालय पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कानून व्यवस्था पर जीरों टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है। अपराधियों में कानून का डर नहीं है। जौनपुर में फेंक एनकाउंटर हुआ, प्रतापगढ़ में हिरासत में मौत हुई। तत्काल पुलिस रिस्पांस सिस्टम यूपी डायल 100 को भाजपा सरकार ने 112 बनाकर बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह से विफल है। सरकार और पुलिस प्रशासन की नाकामी के कारण प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय से पुलिस की मदद नहीं मिल रही है। न्यूयॉर्क के पुलिस विभाग का जो रिस्पांस सिस्टम है, उसी तर्ज पर समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को रिस्पांस सिस्टम दिया था। लेकिन, भाजपा के लोग तो हर घटना से राजनीतिक लाभ उठाना चाहते हैं। जब उनके मंत्री, विधायक या पूरा विभाग, दूसरी बातों में लगा होगा, तो कब व्यवस्था बनाएंगे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का नौजवान कभी भाजपा को नहीं भूलेगा, जिसने उनके आगे बढ़ने का रास्ता रोक दिया। अग्निवीर जैसी व्यवस्था लागू करके भाजपा ने युवाओं के सपने तोड़े हैं। अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यही नौजवान, किसान, मजदूर, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग भाजपा सरकार को हटाने का काम करेंगे। इस सरकार ने एक भी जिला अस्पताल नहीं बनवाया जिसमें गरीब का इलाज हो सके। जितने मेडिकल कॉलेज बने, वो आधुनिक खंडहर हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि गोमती नदी की सफाई में तीन हजार करोड़ रुपया खर्च हुआ। लेकिन, अभी तक गोमती नदी में नाला बह रहा है। यह सरकार जाने वाली है।