सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। फर्जी एनकाउंटर, हिरासत में मौत के मामलों में राज्य सरकार को मानवाधिकार आयोग ने सबसे ज्यादा नोटिस दिए हैं। सच बोलने वालों को भाजपा सरकार में झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। इससे लोग परेशान हैं और किसान व नौजवान अपमानित किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई, महिला उत्पीड़न और अपराध बढ़े हैं। भाजपा ने सपा सरकार की योजनाओं के उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास किया है। उसके पास बताने के लिए अपना कोई काम नहीं है। वहीं, अखिलेश ने ट्विटर पर जौनपुर में खुले मेडिकल कॉलेज का वीडियो पोस्ट कर लिखा है कि ये है आधुनिक खंडहर। भाजपा राज में जौनपुर मेडिकल कॉलेज अभी खुद बिस्तर पकड़े है। पता नहीं कब ये जनता के इलाज के लायक होगा। अब 22 के चुनाव में जनता भाजपा का इलाज करेगी।
विभिन्न दलों के नेता सपा में शामिल
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के समक्ष सोमवार को विभिन्न दलों के नेताओं ने सपा की सदस्यता ली। इसमें कौशांबी के ऊदल पांडेय ने भाजपा छोड़कर सपा की सदस्यता ली। पीपी चौरसिया, नेपाली पंडा, शाहिद अहमद घोसी, अकील अहमद घोसी, कयामुल हक तथा मो. हनीफ बसपा से सपा में आए हैं। विकासशील इंसान पार्टी के प्रदेश सचिव ओम प्रकाश कश्यप, सुनील भारती, विनोद कुमार, पूर्व डीआईओएस शिवचंद राम भी सपा में शामिल हुए हैं।