‘हर घर नल, हर घर जल’ पहुंचाने के लिए शुरू की गई जल जीवन मिशन में हजारों करोड़ का घोटाला का आरोप लगाने के बाद पार्टी के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह की सलाह पर आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से बृहस्पतिवार को इस संबंध में लोकायुक्त के यहां शिकायत दर्ज कराई गई है। पार्टी के विधि विशेषज्ञ अमित चोपड़ा ने सभी आरोपों के समर्थन में प्रमाण के तौर पर कागजात भी लोकायुक्त को उपलब्ध कराए हैं।
संजय सिंह के विधि सलाहकार हरिशंकर पांडेय ने बताया कि घोटाले में प्रदेश जलशक्ति मंत्री के शामिल होने से संबंधित सभी प्रमाण भी लोकायुक्त को दिया गया है। उन्होंने बताया कि लोकायुक्त के यहां की गई शिकायत में खास तौर पर 8 राज्यों में ब्लैकलिस्ट हो चुकी रश्मि मेटालिक्स कंपनी को हजारों करोड़ के पाइप आपूर्ति का आर्डर दिए जाने के बार में जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि जिस कंपनी पर 8-10 राज्यों ने प्रतिबंध लगाया है, उस कंपनी को जल निगम के मानक से 30-40 फीसदी अधिक दर आर्डर दिया गया है।
उधर, पार्टी के प्रभारी संजय ने कहा है कि वह जलशक्ति मंत्री की ओर से भेजे गए मानहानि की नोटिस का जवाब वह उन्हें न भेजकर सीधे कोर्ट में देंगे। उन्होंने कहा कि अगर मंत्री की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जाता है तो वह भी कोर्ट में पूरे घोटाले की परत खोलेंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी विधिक तैयारी भी पूरी कर ली है। मंत्री की ओर से मानहानि की नोटिस का जवाब ट्विट के माध्यम से देते हुए संजय सिंह ने ‘एक तो चोरी, दूजे सीना जोरी’ का फार्मूला नहीं चलेगा। वह पूरे प्रकरण पर से पर्दा उठाते हुए घोटालेबाजों को बेनकाब करके ही दम लेंगे।