ग्राम पंचायत कम्हरिया निवासी नूरुद्दीन (12) पर मंगलवार की सुबह आवारा कुत्तोंं के झुंड ने हमला कर दिया। नूरुद्दीन को अधमरी हालत में इलाज के लिए सीएचसी शिवपुर ले जाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में भी नूरुद्दीन की हालत गंभीर बनी रही और चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के कम्हरिया निवासी नूरुद्दीन मंगलवार की सुबह लगभग सात बजे घर से नित्यक्रिया की बात कहकर निकला था। नूरुद्दीन गांव के बाहर निकला ही था कि उस पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने नूरुद्दीन को दौड़ा-दौड़ा कर नोचा और सिर व जांघ को चबा डाला। नूरुद्दीन की चीख सुन गुजर रहे राहगीर दौड़े और डंडा पटक कर कुत्तों को भगाया और परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पिता छब्बन मौके पर पहुंचे। बेटे को लहुलुहान देख छब्बन बिलख पड़े और नूरुद्दीन को गोद में उठाकर सीएचसी शिवपुर पहुंचाया। जहां सीएचसी अधीक्षक डॉ. नलिन राजा ने प्राथमिक इलाज कर किशोर को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें - मिशन पूरा कर धरती पर लौटे कैप्टन शुभांशु शुक्ला, मां बोलीं- शब्दों में बयान नहीं कर सकती ये खुशी
ये भी पढ़ें - छांगुर पर खुला एक और राज: गुर्गों की ट्रेनिंग के लिए दुबई से बुलाता था ट्रेनर, देवताओं के खिलाफ करना था ये काम
अधीक्षक ने बताया कि किशोर के सिर, कमर व पैर पर गंभीर घाव हैं। मेडिकल कॉलेज से भी नूरुद्दीन को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। कुत्ते के हमले की सूचना पर नायब तहसीलदार हर्षित पांडेय, क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप कुमार व थाना प्रभारी सूरज राणा घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। नायब तहसीलदार ने अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ने की बात कही है।
बाल सहित सिर की चमड़ी उजाड़ी, दहशत में ग्रामीण
आवारा कुत्तों के झुंड ने नूरुद्दीन के सिर को गंभीर रुप से चबा डाला। कुुत्ते नूरुद्दीन के सिर से बाल सहित चमड़ी उजाड़ ले गए। यही नहीं कमर के पास के हिस्से को चबा कर मांस नोच ले गए। नूरुद्दीन को देखने के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण बच्चों को घर से बाहर निकलने नहीं दे रहे है। दहशत इतनी ज्यादा है, कि ग्रामीण हाथोंं में डंडा लेकर निकल रहे हैं।
शनिवार को दिलशाद तो पूर्व में बालिका को मौत के घाट उतार चुके हैं कुत्ते
शिवपुर विकासखंड क्षेत्र में आवारा कुत्तोंं का हमला कोई पहली बार नहीं है। नूरुद्दीन पर हमला करने के तीन दिन पहले शनिवार को कुत्तों ने सेमरिया गांव निवासी दिलशाद (07) पर हमला किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल दिलशाद का इलाज ट्रामा सेंटर लखनऊ मेंं चल रहा है। इससे पहले फरवरी महीने में कुत्तोंं ने मटेरा कला गांव निवासी बालिका पिंकी को नोचकर मौत के घाट उतार दिया था। वहीं 16 अप्रैल को मामा के घर आई समरीन (09) को, 14 अप्रैल को अंजलि (04) को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। कई अन्य बच्चोंं को भी कुत्ते घायल कर चुके हैं।