- आरोपी पर 2023 में भी दर्ज हुआ था पॉक्सो का मुकदमा
- पिता की शिकायत पर बीकेटी पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। बीेकेटी के एक गांव निवासी किसान ने देवरई खुर्द के आकाश सिंह ठाकुर पर बेटी को मुकदमा वापस ने लेने पर धमकाने और अश्लील फोटो वायरल करने का आरोप लगाया है। बीकेटी पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट और धमकाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
किसान के मुताबिक 2023 में उनकी बेटी नाबालिग थी। उस दौरान आरोपी बेटी के संपर्क में आया था। आकाश ने उसका यौन शोषण किया था। इसकी जानकारी देने पर उन्होंने आरोपी के खिलाफ 2023 में थाने में केस दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने आरोपी को जेल भी भेजा था। जमानत पर छूटने पर आकाश बेटी को फिर से परेशान करने लगा। बीते शनिवार को दोपहर करीब 03:15 बेटी को आकाश ने व्हाट्सएप ऑडियो कॉल की थी। मगर उसने जवाब नहीं दिया। इससे आक्रोशित आरोपी ने बेटी की अश्लील फोटो उन्हें भेज दी। डरी बेटी ने इसकी शिकायत 1090 पर भी की। पिता ने बताया कि इस पर आकाश ने बेटे को कॉल कर बहन को मुकदमा वापस लेने की बात कह धमकाया। किसान का आरोप है कि आरोपी आए दिन कार से पुलिस का हूटर बजाकर घूमता रहता है। कार पर अधिवक्ता लिखा हुआ है। इतना ही नहीं आरोपी कई बार बेटी को सरेराह रोककर उनकी व भाई की हत्या की धमकी दे रहा है। इंस्पेक्टर संजय सिंह के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है।