प्रदेश में टीकाकरण का लगातार रिकॉर्ड बन रहा है। बुधवार को पहली डोज लेने वालों की संख्या 10 करोड़ के पार हो गई। देश में इतनी बड़ी संख्या में टीकाकरण करने वाला यूपी पहला राज्य है।
प्रदेश में 18 वर्ष की उम्र से अधिक के कुल 14.73 करोड़ लोगों का टीकाकरण होना है। बुधवार को सात लाख 56 हजार तीन सौ 53 लोगों का टीकाकरण किया गया। इससे वैक्सीन की पहली डोज लेने वालों की संख्या बढ़कर 10 करोड़ दो लाख 65 हजार 2 सौ हो गई है। वहीं, तीन करोड़ 57 लाख 82 हजार छह सौ लोगों को दोनों डोज दी जा चुकी है। इस तरह प्रदेश में अब तक 13 करोड़ 60 लाख 47 हजार आठ सौ 57 डोज दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीकाकरण को और तेज करने का निर्देश दिया है। प्रयास है कि नवंबर में पहली डोज शत प्रतिशत लोगों को मिल जाए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों पर खास ध्यान किया जा रहा है। जबकि कामकाजी लोगों की सुविधा को देखते हुए अब हर जिले में रात 10 बजे तक टीकाकरण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जिलों में वहां की आबादी के हिसाब से प्रतिदिन टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। इसकी समीक्षा के लिए शासन स्तर से नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
देश में पहले स्थान पर उत्तर प्रदेश
टीकाकरण की देशव्यापी स्थिति देखें तो 13.60 करोड़ के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। जबकि 10.02 करोड़ डोज लगाकर महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है। इसी तरह पश्चिम बंगाल में 8.25 करोड़, गुजरात में 7.25 करोड़ और मध्य प्रदेश में 7.24 करोड़ टीकाकरण हुआ है।