केंद्र की मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर आयोजित गरीब कल्याण कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए अजय मिश्र टेनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की ही देन है कि आज पूरा विश्व भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है। उनके प्रयासों की देन है कि वैश्विक बैठकों में आज भारत अमेरिका, ब्रिटेन आदि देशों के प्रतिनिधियों से आगे चलता है।
मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि 2014 में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण का वादा किया था। जिसे मात्र आठ वर्षों में काफी हद तक पूरा कर दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री बनते ही देश भर में 10 करोड़ से अधिक लोगों को शौचालय, नौ करोड़ से अधिक को रसोई गैस, तीन करोड़ से अधिक को आवास, लाखों किलोमीटर की सड़कें आदि बनवाईं हैं लेकिन फिर भी अभी लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है, कि पूर्ववर्ती सरकारों ने 67 सालों में क्या किया है।
लोगों ने 2019 में फिर से मोदी जी पर विश्वास दिखाया और उन्होंने विश्वास पर खरे उतरते हुए अनुच्छेद-370, 35-ए, तीन तलाक कानून खत्म करने का कार्य किया। कोरोना काल के दौरान उन्होंने 190 करोड़ वैक्सीन की डोज लगवाई साथ ही 20 करोड़ वैक्सीन बाहरी देशों को भेजी।
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान उन्होंने न केवल भारतीय छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला बल्कि अन्य देशों के छात्रों को भी सकुशल बाहर निकाला। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक देश को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा है। जिसे भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता के प्यार द्वारा पूरा किया जाएगा।