लखनऊ। उतरेठिया उपकेंद्र के शीतलखेड़ा में रविवार रात दो बजे मिक्सर वाहन ने हाइटेंशन लाइन के खंभे में टक्कर मार दी। खंभा टूटने से दो हजार से ज्यादा परिवारों को करीब आठ घंटे बिजली संकट झेलना पड़ा। उधर, फॉल्ट के कारण गोसाईंगंज, मलिहाबाद व अन्य इलाकों में भी उपभोक्ता परेशान रहे।
एसडीओ दिनेश प्रजापति ने बताया कि सोमवार सुबह नया खंभा लगाकर करीब 10 बजे बिजली चालू कर दी गई। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली ठप होने से पानी की समस्या आई।
उधर, मलिहाबाद ओल्ड उपकेंद्र के कर्मियों ने बताया कि सोमवार सुबह अचानक ट्रॉली में फॉल्ट आने से कस्बे की बिजली काफी देर बंद रही। मलेशेमऊ ट्रांसमिशन उपकेंद्र से गोसाईंगंज उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट से समस्या रही। वैकल्पिक स्रोत से आपूर्ति को सामान्य किया गया। आशियाना उपकेंद्र के विधि संस्थान के 11 केवी लाइन में सुबह फॉल्ट आने से कई घंटे तक आपूर्ति ठप रही।