वैलेंटाइन डे पर दो प्रेम कहानियों का अंत हो गया। एक युवक ने प्रेमिका की शादी तय होने पर जहर खा लिया। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
फूलबाग में भी एक युवक का शव मिला। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि युवक रात में किसी लड़की का नाम लेकर चिल्ला रहा था और सुबह उसका शव मिला।
घर की गलियों से शुरू हुई मोहब्बत का वैलेंटाइन डे वाले दिन प्रेमी की मौत के साथ अंत हो गया। प्रेमिका की शादी तय हो गई है, यह पता चलने पर प्रेमी शिवा (24) ने जहर खा लिया था। इसके बाद प्रेमिका ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
प्रेमिका की शादी के बाद कहासुनी हुई शुरू
कल्याणपुर साहबनगर निवासी शिवा उर्फ गोलू वायरिंग का काम करता था। चार साल से पास में ही रहने वाली लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब एक सप्ताह पहले शिवा को प्रेमिका की शादी तय होने की खबर मिली।
इसी बात पर शुक्रवार को दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद शिवा ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
युवक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाकर हंगामा भी किया। इसके अलावा पोस्टमार्टम की बात पर पुलिस से भी कहासुनी हुई।
प्रेमिका नाम ले लेकर चिल्ला रहा था, मर गया
फूलबाग एलआईसी बिल्डिंग के सामने बस स्टॉप के पास एक युवक का शव मिला। युवक के हाथ में दिल की आकृति के साथ कुछ लिखा हुआ है।
लोगों ने बताया कि वह शनिवार रात को नशे की हालत में किसी लड़की का नाम लेकर चिल्ला रहा था। फीलखाना एसओ हरिशंकर मिश्रा ने बताया कि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उसके शरीर पर कत्थई इनर, नीली लोवर और हाफ टी शर्ट थी। उसने आत्महत्या की है या कुछ और मामला है इसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।