बंथरा में मंगलवार सुबह परीक्षा देने जा रहे दो छात्र रेलवे लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आकर कट गए। दोनों के क्षत विक्षत शव काफी देर तक ट्रैक पर ही पड़े रहे।
बाद में ग्रामीणों ने नजर पड़ने पर परिवार के साथ ही स्टेशन मास्टर को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्राम पंचायत लोनहां के मजरे गड़रियनखेड़ा के रहने वाले वेद पाल धीमान का बेटा अंकुश (14) व पास ही रहने वाले बृजलाल शर्मा का बेटा सचिन (15) पिपरसंड रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते थे।
आसपास घर होने और एक ही स्कूल में पढ़ने के चलते दोनों में गहरी दोस्ती थी और साथ ही स्कूल आते-जाते थे। अंकुश नौवीं, जबकि सचिन दसवीं का छात्र था। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के चलते दोनों दोस्त सुबह करीब 10:30 बजे घर से निकले।
पैदल ही स्कूल आने-जाने वाले छात्र गांव के सामने से गुजरे ट्रैक को पार कर स्कूल जा रहे थे। लखनऊ की तरफ से मालगाड़ी आने के बावजूद दोनों जल्दबाजी में ट्रैक पार करने की कोशिश करने लगे।