कानून व्यवस्था को कड़ी चुनौती देते हुए मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक आवास के निकट किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम उस शहरी कांशीराम आवासीय परिसर में दिया गया, जहां दिनभर चहल पहल भी रहती है।
घटना को अंजाम देने के बाद तीन बाइक पर आए सभी 6 बदमाश वहां से फरार होने में सफल रहे। वारदात की जानकारी मिलते ही समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
अकबरपुर नगर में पुलिस अधीक्षक आवास के ठीक निकट बने शहरी कांशीराम आवासीय कालोनी कटरिया याकूबपुर में मंगलवार दोपहर दो बजे के बाद उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ लोगों ने एक अधेड़ किराना व्यापारी को गोली मार दी और फरार हो गए।
बताया जाता है कि घटना से पहले तीन बाइक पर सवार होकर सात लोग कालोनी परिसर पहुंचे। इसमें बदमाशों की गोली का शिकार हुआ व्यापारी अनिल कुमार (45) पुत्र बद्रीप्रसाद निवासी मिर्जाबेग दुक्खड़ थाना सम्मनपुर भी शामिल था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सभी लोग बाइक से पहुंचने के बाद तीन चार दिन से बंद चल रही एक दुकान के निकट जमीन पर ही बैठ गए और वहां कुछ बात करने लगे। कुछ देर के बाद बदमाशों ने अनिल को गोली मार दी और बाइक पर बैठकर फरार हो गए।