बसखारी (अंबेडकरनगर) हंसवर थाना क्षेत्र के केवटला घाट पर सरयू नदी में रविवार को नहाने गए चार दोस्त डूब गए। एक युवक को तो स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन तीन अन्य बह गए। एसडीएम व सीओ टांडा की मौजूदगी में गोताखोरों ने दो युवकों के शव निकाल लिये, जबकि तीसरे युवक का पता नहीं चल सका।
इसी दौरान अचानक आदर्श का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसके चीखने पर दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकामी हाथ लगी। उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोस्त भी भी डूबने लगे। चीख पुकार पर नदी में नहा रहे अन्य लोगों ने वीरेंद्र को तो किसी तरह बचा लिया, लेकिन अन्य युवक नदी की गहराई में समा चुके थे। थोड़ी ही देर में आसपास के ग्रामीण और परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।
इस बीच जानकारी होते ही एसडीएम टांडा दीपक वर्मा, सीओ टांडा संतोष कुमार, तहसीलदार वंशराज हंसवर पुलिस टीम के साथ मौके पर पर पहुंच गए। तब तक गोताखोर भी घाट पर पहुंच गए। गोताखोरों ने डूबे युवकों की तलाश शुरू कर दी। लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर पहले आदर्श का शव मिला। कुछ देर बाद ही सुनील के शव को भी गोताखोरों ने बरामद कर लिया। अजय की तलाश में गोताखोर लगे रहे, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी थी। एसओ हंसवर विजय तिवारी ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। तीसरे डूबे युवक की तलाश जारी है।