लखनऊ में कृष्णानगर पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने वाले दो आरोपियों को रविवार को गिररफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से फर्जी वीजा, लैपटॉप, मोबाइल, ऑफर लेटर, हवाई टिकट समेत अन्य दस्तावेज किए हैं। पकड़े गए शातिरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक राय के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर ट्रांसपोर्टनगर मेट्रो स्टेशन के पास से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में बिहार बेगुसराय का जीरोमाइल न्यू बरोनी का मो. इरफान खान उर्फ शाहरूख खान जो दिल्ली के अशोक नगर में रहता है वहीं दूसरा बरेली के मांडा का मो. नसीम है। उनके पास से चार मोबाइल, एक लैपटॉप, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व पेन कार्ड, 124 फर्जी वीजा, 49 फर्जी ऑफर लेटर, 13 पासपोर्ट की छायाप्रति व 15 विदेशी हवाई टिकट की छायाप्रति बरामद हुई हैं।
शातिरों ने बताया कि वे कृष्णानगर के वीआईपी रोड गोपालपुरी में विदेश में नौकरी दिलाने का फर्जी कार्यालय खोले हुए थे। बेरोजगार युवाओं को साउथ अफ्रीका में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अकाउंट के माध्यम से एक व्यक्ति से 65 हजार से एक लाख रुपये तक लिया जाता था। कूटरचित दस्तावेज अपने कार्यालय में रखे लैपटॉप से तैयार कर सिम बदल-बदलकर लोगों को फोन करते थे। पकड़े गए दोनों शातिरों को पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।