सैकड़ों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी व शाइन सिटी के संचालक राशिद नसीम की पत्नी शगुफ्ता राशिद और कर्मचारी सबा फातिमा को बुधवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने गिरफ्तार करके गोमतीनगर थाने में दाखिल किया।
अब बृहस्पतिवार को गोमतीनगर पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश करेगी। प्लॉट और अन्य लुभावनी योजनाओं के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाली शाइन सिटी कंपनी पर दर्ज मुकदमों की विवेचना ईओडब्ल्यू में ट्रांसफर होने के बाद कार्रवाई में तेजी आ गई है।
बुधवार रात ईओडब्ल्यू की टीम ने कंपनी संचालक राशिद नसीम की पत्नी शगुफ्ता राशिद व कर्मचारी सबा को गिरफ्तार किया है। सबा को राशिद की कथित पत्नी भी बताया जा रहा है, मगर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
गोमतीनगर इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि शाइन सिटी के संचालक राशिद नसीम पत्नी शगुफ्ता को ईओडब्ल्यू की टीम ने हजरतगंज के डालीबाग स्थित ग्रांडियर अपार्टमेंट स्थित उसके फ्लैट से पकड़ा है।
जबकि सबा को गोमतीनगर के उजरियांव से पकड़ा गया है। ईओडब्ल्यू ने शगुफ्ता व सबा को गोमतीनगर पुलिस के हवाले किया है।
मालूम हो कि ईओडब्ल्यू ने सबा की गिरफ्तारी के लिए कुछ दिन पहले प्रयागराज में भी दबिश दी थी। जहां सबा तो नहीं मिली थी मगर उसके ठिकाने से एक इनोवा गाड़ी बरामद हुई थी। सूत्रों के अनुसार ईओडब्ल्यू ने एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया है।