लखनऊ। मल्हौर व उतरेटिया रेलवे स्टेशनों का अपग्रेडेशन हो गया है। ऐसे में अब यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के ठहराव बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे अधिकारी सूची तैयार कर रहे हैं।
दरअसल, चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों का लोड कम करने के लिए आसपास के छोटे स्टेशनों का विकास किया गया है। इसमें मल्हौर व उतरेटिया स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अत्याधुनिक बनाया गया है। इसके तहत यहां फुटओवर ब्रिज, सीट, पेयजल, नई लाइन, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। अब यहां ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने की तैयारी हो रही है।
अधिकारी बताते हैं कि गोरखपुर, बिहार व कोलकाता रूट की लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव यहां बढ़ाए जाएंगे। इतना ही नहीं, चारबाग स्टेशन की 29 नॉन प्रीमियम ट्रेनों के ठहराव भी इन स्टेशनों पर दिए जाएंगे। यह नॉन प्रीमियम ट्रेनें उतरेटिया से बाईपास के रास्ते सीधे ट्रांसपोर्टनगर निकल जाएंगी, जहां से ट्रेनें कानपुर रूट से होते हुए दिल्ली या मुंबई आ-जा सकेंगी। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने के लिए यात्रियों की मांग देखी जा रही है।