जिला अमेठी में थानेदार का बेटा अपनी लग्जरी कार की नंबर प्लेट पर ‘पापा’ लिखकर राजधानी की सड़कों पर फर्राटा भर रहा था। मॉडर्न कंट्रोल रूम से पता मिलने पर टीएसआई ने शनिवार को गाड़ी दबोच ली।
कार से उतरते ही थानेदार का बेटा टीएसआई को अर्दब में लेने लगा। टीएसआई ने कार में दोषपूर्ण नंबर प्लेट का चालान किया। उसकी कार के शीशे पर डेविल इनसाइड लिखा था।
कृष्णानगर सिंधु नगर निवासी इंद्रराज सिंह यादव का बेटा सुशील अपनी लग्जरी कार पर पापा लिखकर फर्राटा भर रहा था। जागरूक युवक ने कार की फोटो खींचकर ट्रैफिक पुलिस के व्हाटसएप नंबर पर जारी किया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस उक्त गाड़ी की नंबर प्लेट पर लिखे पापा के नंबर 4141 का पता मॉडर्न कंट्रोल रूम से निकलवाया। गाड़ी का पता कृष्णानगर का निकला। टीएसआई सुरेंद्र कुमार यादव ने शनिवार देर शाम कार को कृष्णानगर इलाके में दबोच लिया।