शहीद पथ पर बृहस्पतिवार सुबह दो ट्रकों की टक्कर के बाद आवागमन बाधित हो गया। कमता तिराहे से कानपुर रोड तक करीब 23 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
इस दौरान हजारों वाहन फंस रहे। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाया। करीब छह घंटे बाद शहीद पथ पर यातायात व्यवस्था सुधर सकी। अव्यवस्था के चलते कई लोगों की फ्लाइट छूट गई।
अयोध्या हाईवे से कानपुर रोड को जोड़ने वाले शहीद पथ पर कमता तिराहे के पास भोर करीब चार बजे दो ट्रक टकरा गए। ट्रैफिक पुलिस नहीं होने से शहीद पथ पर यातायात चलता रहा। कानपुर रोड के मोड़ पर भी इसकी सूचना नहीं दिए जाने से वाहनों का आना जारी रहा।
ऐसे में कुछ देर में शहीद पथ पर जाम लग गया। इसके चलते हजारों वाहनों के अलावा कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं। वाहन सवारों ने पुलिस कंट्रोल रूम से लेकर थानों के सीयूजी नंबरों पर कॉल की, मगर मदद नहीं मिली।
सुबह सात बजे ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शुरू हुई तो क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाया गया। लेकिन यातायात को सुगम कराने में दस बज गए।
इधर, बैरिकेडिंग बन रही जाम की वजह
सरोजनीनगर में कानपुर रोड स्थित शहीद पथ तिराहे पर लगी बैरिकेडिंग के चलते बृहस्पतिवार को भी जाम की समस्या रही। शाम को तो शहीद पथ तिराहे पर विपरीत दिशा से वाहनों के निकलने से नादरगंज तिराहे तक कई घंटे तक वाहन फंसे रहे। (संवाद)