लखनऊ में दुबग्गा फल और सब्जी व्यापारी समिति ने शुक्रवार को मंडी के खुलने की समय सारणी में फेरबदल किया है। महामंत्री शाहनवाज हुसैन ने बताया कि एक जून से मंडी की टाइमिंग बदलने के संदर्भ में सभी आढ़तियों, पैकर्स, पल्लेदारों को अवगत करा दिया गया है। नई टाइमिंग आम की लोडिंग को लेकर और सोशल डिस्टेंसिंग के चलते बदली गई है।
मंडी सचिव संजय सिंह को लिखित रूप से जानकारी दे दी गई। एक जून से आम बेचने की टाइमिंग रात 8.30 बजे से दूसरे दिन सुबह चार बजे तक रहेगी। हरी सब्जी एवं तरबूज खरबूज एवं खीरा की टाइमिंग सुबह चार बजे से सुबह 9.30 तक रहेगी। इसके बाद सुबह दस बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक पका आम बिकेगा। इस संबंध में सचिव से वार्ता हुई।
बिना अनुमति दुकान न खोलने के निर्देश
पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने दुकानदारों को बिना अनुमति दुकान न खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ वही दुकानें खुलेंगी, जिन्हें प्रशासन ने अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में कोई भी दुकान नहीं खुलेगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में तमाम दुकानदार बिना अनुमति के ही दुकानें खोल रहे हैं, जिससे लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए थाना प्रभारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
आरोग्य सेतु एप करवाएं डाउनलोड
डीएम अभिषेक प्रकाश ने राजधानी के सभी प्रतिष्ठानों के मालिकों से अपील की है कि उनके यहां काम करने वालों और ग्राहकों को आरोग्य सेतु आैर आयुष कवच एप मोबाइल पर डाउनलोड करवाएं। साथ ही जनपद के समस्त दुकानदारों से भी कहा है कि अपने यहां आने ग्राहकों को आरोग्य सेतु और आयुष कवच एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें।