लखनऊ। वन विभाग की टीम ने रविवार को एसटीएफ की सूचना पर मुंशी पुलिया चौराहे से तीन तस्करों को दबोचकर प्रतिबंधित प्रजाति के 260 कछुए बरामद किए हैं।
अवध वन प्रभाग के डीएफओ डॉ. रवि कुमार सिंह को रविवार दोपहर एसटीएफ से सूचना मिली कि मुंशी पुलिया चौराहे पर कुछ तस्कर कछुओं के साथ आ रहे हैं। इस पर उप प्रभागीय वनाधिकारी आलोक चंद्र पांडेय व क्षेत्रीय वन अधिकारी (कुकरैल रेंज) केपी सिंह ने अपनी टीम के साथ मुंशी पुलिया चौराहे पर घेराबंदी कर रवींद्र कुमार कश्यप उर्फ रमन निवासी बख्तियारनगर, मलिहाबाद और सौरभ कश्यप निवासी काकोरी को दबोच लिया। दोनों के पास से बैग में रखे सौ कछुए बरामद हुए।
पूछताछ में पता चला कि रवींद्र व सौरभ एक अन्य तस्कर का वहां इंतजार कर रहे थे। इस पर टीम ने घेराबंदी कर कुछ देर बाद उक्त स्थान पर पहुंचे तीसरे तस्कर को भी पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि वो अरमान अहमद निवासी ग्राम धरमैतेपुर, थाना धम्मौर, सुल्तानपुर है। अरमान के पास भी बैग में रखे 160 कछुए बरामद हुए। तीनों आरोपियों को कुकरैल रेंज कार्यालय ले जाया गया जहां तीनों के खिलाफ विभागीय मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों के पास से बरामद 260 कछुओं, एटीएम कार्ड, मोबाइल व बाइक को जब्त किया गया है। डीएफओ डॉ. रवि कुमार ने बताया कि आरोपियों को संबंधित कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बहराइच से कछुए लाया था अरमान
लखनऊ। पकड़े गए अरमान ने पूछताछ में बताया कि वो बहराइच से 160 कछुओं को लेकर आया था। जबकि रवींद्र व सौरभ ने बताया कि उन्होंने पहले से ये कछुए एकत्र करके रखे थे।