फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दर्दनाक हादसा: बाइक फिसलने से सड़क पर गिरे छह युवकों को वाहन ने कुचला, तीन की मौत

Tue, 01 Dec 2020 11:41 AM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
तिलक समारोह से सोमवार रात एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे छह कैटरिंग कर्मियों की गाड़ी अचानक फिसल गई। इस दौरान बाइक सवार लोग सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे एक वाहन ने सभी को कुचल दिया। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


एक श्रमिक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों को मामूली चोटें लगीं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसा कोतवाली अयोध्या के दर्शन नगर चौकी अंतर्गत पाराखान के पास हुआ।

थाना महाराजगंज क्षेत्र के सरायरासी गांव में सोमवार को तिलक समारोह था। इसमें खाना बनाने का ठेका अयोध्या के तकपुरा निवासी रामू कैटर्स ने लिया था। सोमवार देर रात करीब एक बजे समारोह समाप्त होने के बाद उसके छह श्रमिक एक ही बाइक से अयोध्या लौट रहे थे।
विज्ञापन


इस दौरान अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या-अंबेडकरनगर राजमार्ग पर स्थित पाराखान गांव के पास सड़क किनारे पड़े कचरे के ढेर में फिसलकर बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। इस दौरान तीन श्रमिक राजमार्ग से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।
विज्ञापन

घटनास्थल से बरामद हुई एक बाइक

हादसे में दो कारीगर रूपल (25) पुत्र ओम प्रकाश मौर्या निवासी बैसिंगपुर थाना पूराकलंदर व अजय (23) पुत्र चंद्रभान निवासी गांव अमारी थाना महाराजगंज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज पुत्र लखन निवासी खरगापुर दरियाबाद, जिला बाराबंकी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।

हादसे में एक अन्य श्रमिक निर्मल (12) निवासी खरगापुर दरियाबाद जिला बाराबंकी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। शेष दो अन्य श्रमिक छोटू (18) पुत्र ननका निवासी लालपुर गुमान दरियाबाद जिला बाराबंकी व बृजेश (19) पुत्र शिवप्रसाद निवासी बैसिंग थाना पूराकलंदर को मामूली चोटें आईं हैं।

देर रात हुए इस हादसे की जानकारी वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची अयोध्या पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मामले में कोतवाली अयोध्या पुलिस के अनुसार बाइक पर चार श्रमिक सवार थे, उनमें से दो की ही मौत हुई है।

शेष दो साइकिल पर सवार थे। वहीं घटनास्थल से सिर्फ एक बाइक बरामद हुई है। एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हुई है, एक की हालत गंभीर है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें