लखनऊ के सीजी सिटी और गोमतीनगर विस्तार में वायु प्रदूषण फैला रहीं तीन बिल्डर कंपनियों को यूपीपीसीबी ने नोटिस दिया है। इनमें सीजी सिटी में एचसीएल आईटी सिटी का हॉस्टल कैंपस बना रही सापुरजी पोलानजी एंड कंपनी, केआरएस इंफ्रा और एफिल इंफ्रा हैं।
एफिल इंफ्रा भी आईटी सिटी के पास ही ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट कर रही है। यूपीपीसीबी के मुख्य पर्यावरण अभियंता पीके अग्रवाल ने बिल्डर कंपनियों को नोटिस जारी किया है। बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. राम करन की टीम ने तीनों साइट का निरीक्षण किया था।
इसमें पीटीजेड कैमरा इस्तेमाल में नहीं मिला तो मिट्टी पर पानी का नियमित रूप से छिड़काव भी नहीं किया जा रहा था। इससे मौके पर वायु प्रदूषण भी बढ़ा मिला। बिल्डिंग मैटेरियल और मिट्टी के कण हवा में घुलने से ऐसा हो रहा था। क्षेत्रीय अधिकारी ने बोर्ड को इन तीनों बिल्डर कंपनियों पर जुर्माना भी लगाने की संस्तुुति की है। कंपनियों को स्पष्टीकरण देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।