निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में भी होगी प्रयोगात्मक परीक्षा
लखनऊ। पॉलीटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षा भले ही राजकीय और अनुदानित संस्थानों में हो रही हो, लेकिन प्रयोगात्मक परीक्षा निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में भी होगी। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने निजी संस्थानों में प्रस्तावित प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं।
पॉलीटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षाएं समाप्त हो गई है, जबकि फार्मेसी की परीक्षा 17 जून तक प्रस्तावित है। इसके बाद सभी राजकीय, अनुदानित और निजी पॉलीटेक्निक में अध्ययनरत विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। परिषद के अनुसार, राजधानी के राजकीय, अनुदानित व निजी संस्थानों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। सभी विद्यार्थियों की दो चरणों में प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। पहले चरण में संबंधित विषय के शिक्षक की ओर से जबकि दूसरे चरण में बाहर से नामित किसी संस्थान के शिक्षक की ओर से ली जाएगी।
हीवेट पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को न केवल प्रैक्टिकल के बारे में जानकारी देनी होगी। बल्कि लैब में किए गए प्रयोग भी करके दिखाने होंगे। सेमेस्टर तक किए गए प्रयोग को कॉपी के माध्यम से दर्शाना होगा और उसी आधार पर लैब के बारे में जानकारी ली जाएगी। कोई विद्यार्थी प्रयोगात्मक परीक्षा में फेल होने की स्थिति में सेमेस्टर में फेल माना जाएगा।
होगी ऑनलाइन निगरानी
प्राविधिक शिक्षा परिषद के अनुसार, सेमेस्टर परीक्षा की तरह प्रयोगात्मक परीक्षा की निगरानी भी ऑनलाइन माध्यम से होगी। सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों के लैब में सीसीटीवी कैमरा होना जरूरी है। इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से किए गए प्रयोग की निगरानी के साथ ही उसे सुरक्षित भी रखा जाएगा। हालांकि, यह परीक्षा अलग-अलग चरणों में होगी।