मलिहाबाद। रहीमाबाद के अहिंडर गांव निवासी विजय हत्याकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। विजय की हत्या उनकी प्रेमिका कुंती ने पति रामभजन और दूसरे प्रेमी जब्बार के साथ मिलकर की थी। हत्या करने पहले विजय को खूब शराब पिलाई गई थी। इसके बाद दुपट्टे से गला कसकर पंखे के सहारे फंदे से लटका दिया था। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को विजय के घर के बाहर फेंक दिया था।
इंस्पेक्टर रहीमाबाद आनंद कुमार द्विवेदी के मुताबिक तीनों आरोपियों को बुधवार सुबह रहीमाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दुपट्टा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक विजय कुमार प्राइवेट नौकरी करते थे। काफी समय से उनका पड़ोस में रहने वाली कुंती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात से कुंती का पति रामभजन नाराज रहता था। इस बीच गांव के जब्बार से भी कुंती का प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। जब्बार और कुंती ने पति रामभजन के साथ मिलकर विजय की हत्या की साजिश रची।
प्लान के तहत कुंती ने गत सात जून की रात विजय को अपने घर पर बुलाया। वहां पहले से जब्बार और रामभजन मौजूद थे। तीनों ने विजय को खूब शराब पिलाई और उनके नशे में होने के बाद वारदात को अंजाम दिया। किसी को शक न हो इसके लिए हत्या के बाद शव को बाहर ले जाकर फेंक आए। इंस्पेक्टर ने बताया कि रामभजन के खिलाफ अवैध शराब बेचने के छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुंती चोरी छिपे शराब बनाती थी, जिससे आसपास के लोगों का उसके घर आना जाना रहता था। विजय व जब्बार भी कुंती के घर शराब पीने जाते थे।