लखनऊ। निगोहां में मोहनलालगंज के शंकरबक्शखेड़ा के शनि रावत की हत्या हॉरर किलिंग थी। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें शनि के तीन साले भी शामिल हैं, जो उनकी बहन से प्रेम विवाह करने से नाराज थे। आरोपियों ने पहले शनि पर डंडे से हमला किया और फिर उसे बांके नाले में फेंक दिया। बेसुध हुए शनि की डूबकर मौत हो गई थी।
पुलिस के सूत्र बताते हैं कि आरोपियों ने साजिश के तहत शनि को निगोहां के गौतमखेड़ा बांके नाले बुलाया और फिर पीछे से सिर पर डंडे से वार कर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने शनि की बाइक बरामद कर ली है। सूत्रों का कहना है कि आरोपियों ने शनि का मोबाइल फोन नाले में फेंक दिया था। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
इसलिए की गई थी शनि की हत्या
रामनरेश रावत ने बताया था कि बेटे शनि ने निगोहां के मस्तीपुर गांव की साधना से एक जनवरी 2024 को कोर्ट मैरिज की थी। इससे साधना के भाई जीतू, देवेश और जीतू का साल संतोष नाराज थे। वे शनि और उसके घरवालों को मारने की धमकी भी दे चुके थे। शनि का शव मंगलवार सुबह बांके नाले में उतराता मिला था। रामनरेश की तहरीर पर तीनों के खिलाफ निगोहां थाने में हत्या का केस भी दर्ज किया गया था।