यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के अंकपत्र और प्रमाणपत्र का वितरण शुरू कर दिया गया है। त्रुटियों को लेकर सुधार की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके लिए डीआईओएस कार्यालय से संपर्क करें।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के अंकपत्र और प्रमाणपत्र का वितरण शुरू कर दिया गया है। पहले दिन राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में आयोजित वितरण कार्यक्रम में लगभग 300 स्कूलों के प्रतिनिधियों ने लिफाफे प्राप्त किए। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) राकेश कुमार की निगरानी में यह प्रक्रिया रोल नंबर के क्रमानुसार संचालित की गई।
विज्ञापन
डीआईओएस कार्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन स्कूलों ने अंकपत्र प्राप्त कर लिए हैं, वे छात्र-छात्राओं को रिपोर्ट कार्ड समय से वितरित करें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्नातक में प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो। अब तक सभी राजकीय स्कूलों ने अपने लिफाफे ले लिए हैं, जबकि कई सहायता प्राप्त (एडेड) व निजी स्कूलों की ओर से अभी लिफाफे नहीं लिए गए हैं। लिफाफों का वितरण 4 जून तक किया जाएगा।
यदि किसी छात्र के अंकपत्र या प्रमाणपत्र में नाम, रोल नंबर, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि से संबंधित कोई त्रुटि पाई जाती है, तो इसके लिए चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सुधार संभव है, और विद्यार्थी अथवा उनके अभिभावक सीधे डीआईओएस कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।