फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा : समाजवादी सरकार के काम और अखिलेश के नाम पर चुनाव लड़ेगी पार्टी

Sun, 29 Aug 2021 04:16 AM IST
दुष्यंत शर्मा चंद्रभान यादव, लखनऊ

सार

  • गांवों पर ज्यादा फोकस करेगी सपा, किसानों के मुद्दे होंगे प्राथमिकता
  • सरकार बनते ही शुरू होगी जातीय गणना, किसानों का बकाया भुगतान भी
  • युवाओं को मिलेगा काम और मिटेगा गुंडागर्दी का नामो निशान
विज्ञापन
अखिलेश के साथ पटेल... - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि 2022 का चुनाव सपा सरकार में हुए विकास कार्यों के आधार पर लड़ा जाएगा। चेहरा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं। पार्टी गांवों पर फोकस करेगी। किसानों के जुड़े मुद्दे प्राथमिकता होंगे। सपा की सरकार बनने पर खाद, बीज सस्ती दर पर उपलब्ध कराएंगे। किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिलेगा। जानवरों से फसल बचाने के लिए, कटान रोकने, डूब क्षेत्र की जमीन बचाने के लिए परियोजना बनेगी। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों को ठगने का काम किया है। कुशासन से आजिज जनता अब भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए सपा की ओर देख रही है। विधानसभा चुनाव जीत कर सपा 2024 के लिए मजबूत विपक्ष तैयार करेगी। इसके लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता जी जान से जुटा है। आगामी विधानसभा चुनाव के  मद्देनजर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने ‘अमर उजाला’ के सवालों  का कुछ इस तरह बेबाकी से जवाब दिया। 

विधानसभा चुनाव जीत का आधार क्या होगा?
सपा के पास हर वर्ग का वोट है। हर जाति, धर्म व वर्ग के तरक्कीपसंद लोग हमारे साथ हैं। भाजपा के कुशासन और सपा शासनकाल में हुए कार्यों की जनता तुलना कर रही है। हम टिकट बंटवारे में भी हर वर्ग का ध्यान रखेंगे। हिस्सेदारी के अनुसार सभी की भागीदारी होगी। सपा शासनकाल में हुए इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षा, सेहत, रोजगार से प्रमुख कार्र्यों के बारे में जनता को बताया जाएगा। इन कार्र्यों पर किस तरह भाजपा ने ब्रेक लगाया, इसकी भी जानकारी दी जाएगी।    
विज्ञापन


गठबंधन का फॉर्मूला क्या होगा?
सपा का महान दल सहित कई दलों से गठबंधन है। प्रसपा सहित समान विचारधारा वाले अन्य दलों से बातचीत चल रही है। सपा के साथ तमाम ऐसे दल हैं, जो सीट की भी डिमांड नहीं कर रहे हैं। इन सभी का एक ही ध्येय है कि किसी तरह भाजपा को हटाना। इस सोच के साथ आने वालों का पार्टी में पूरा सम्मान है। गठबंधन का पूरा ड्राफ्ट तैयार है। समय आने पर खुलासा होगा। 

कहा जा रहा है कि सपा की संगठनात्मक तैयारी कमजोर है?
ऐसा नहीं है। हम हल्ला मचाने के बजाय अपना कार्य करने पर विश्वास करते हैं। पार्टी बूथवार चुनाव के लिए तैयार है। कार्यकर्ता गांवों में डटे हुए हैं। सभी फ्रंटल संगठन भी पूरी तत्परता से जनता के बीच हैं। हमारी तैयारी में अलग-अलग लेयर पर है। चुनाव के दौरान होने वाले षड्यंत्रों को लेकर भी सावधान हैं। भाजपा की हर चाल का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। ईवीएम में गड़बड़ी की कोशिश करने वालों से भी निपटने की योजना है। पार्टी के कैडर को प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार हो रहा किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी का जुड़ाव हमें ताकत का दे रहा है।

कानून-व्यवस्था को किस नजरिए से देखते हैं और कैसे सुधारेंगे ?
पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा के लोगों ने महिलाओं को अपमानित किया है। उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। लोकतंत्र में यह सबसे काला अध्याय है। भाजपा के इशारे पर सपा कार्यकर्ताओं के घर पर बुल्डोजर चलवाया गया। तमाम कार्यकर्ताओं को जेल भेजा जा रहा है। भाजपा का विरोध करने वालों को यातना दी जा रही है। इनकाउंटर कराए जा रहे हैं। सपा सरकार बनते ही महिलाओं को सम्मान वापस दिलाया जाएगा। उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य के लिए पहले से चल रही योजनाओं को गतिशील किया जाएगा। कुछ नई योजनाएं भी लाएंगे। भाजपा सरकार में जिन लोगों ने मनमानी की है। चाहे वह अफसर हो या कर्मचारी, नेता हो या कोई और, सभी दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। भाजपा के कार्यकाल में मनमानी तरीके से हुई कार्रवाइयों की फिर से जांच कराकर बेगुनाहों को न्याय दिलाया जाएगा।

किन प्रमुख मुद्दों को लेकर भाजपा से लड़ेंगे?
भाजपा ने सिर्फ झूठ बोला है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को नेस्तनाबूत किया। महंगाई बढ़ाकर हर वर्ग को परेशान किया। कोविड में लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। ऑक्सीजन, दवा तक का इंतजाम नहीं किया। अव्यवस्था की वजह से लोगों को सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। खाद, बीज, डीजल महंगा किया। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन दिया नहीं। तमाम कंपनियों से एमओयू करने का ढिंढोरा पीटा, लेकिन धरातल पर कोई कार्य नहीं हुआ है। सपा शासनकाल में हुए कार्यों को अपना बताकर भाजपा ने साढ़े चार साल का वक्त काट दिया है। सपा जनता की अदालत में जाकर भाजपा के कारनामों का खुलासा करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें