लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में नए लेक्चर थियेटर कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पीएम ऊषा निधि के तहत प्रस्तावित परियोजना के लिए 100 वर्ष से अधिक पुराने भवनों को तोड़ने की तैयारी है। ऐसा तब है जब परिसर में करीब डेढ़ लाख वर्गफीट जमीन खाली होने का दावा किया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मुख्य परिसर स्थित मकान संख्या 10ए व 10बी को खाली कराने के लिए प्रो. केया पांडेय को पत्र लिखा गया है। वह करीब 20 वर्ष से यहां रह रही हैं। इन भवनों की स्थिति भी ठीक है। पूर्व कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय के कार्यकाल में परिसर के हिस्सों से बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटवाकर डेढ़ लाख वर्गफीट से अधिक जमीन खाली कराई गई थी। गेस्ट हाउस के पीछे, कैलाश हॉल, कौटिल्य भवन और अन्य स्थानों पर पर्याप्त जगह है, जहां नए निर्माण किए जा सकते हैं।
राज्यपाल व कुलाधिपति की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं कि नए भवनों का निर्माण तभी किया जाए, जब वास्तविक जरूरत हो और पुराने भवनों के उपयोग की संभावनाएं जांची जाएं। खास बात है कि ध्वस्तीकरण को लेकर किसी समिति की अंतिम सिफारिश भी सामने नहीं आई है। इस संबंध में लविवि के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव का कहना है कि नियमों के अनुसार ही कार्रवाई की जा रही है।