अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य और अयोध्या राज परिवार के मुखिया बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र (71) का शनिवार देर रात निधन हो गया है। यह समाचार फैलते ही पूरी रामनगरी में शोक की लहर दौड़ गई। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में आम जन से लेकर राजनीतिक, प्रशासनिक हस्तियां पहुंची तो संत-महंत भी नमन करने आए।
बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र सदियों से चली आ रही उस परंपरा और संस्कृति के प्रतीक थे, जिसने अयोध्या को धर्मनगरी के रूप में विश्वभर में पहचान दिलाई। उनके भाई शैलेंद्र मोहन मिश्र ने बताया कि शनिवार रात अचानक उनका ब्लड प्रेशर कम गया। डॉक्टर को तत्काल बुलाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। उन्होंने अपने निवास राजसदन में अंतिम सांस ली। शाम चार बजे उनका अंतिम संस्कार सरयू तट पर राजसी परंपरा से किया गया। पिछले वर्ष ही उनकी पत्नी का निधन हुआ था।
उनके पुत्र प्रख्यात साहित्यकार यतींद्र मिश्र ने बताया कि राज परिवार के मुखिया को नमन करने वालों में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा, सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व राज्यमंत्री नटवर गोयल, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, सागरिया पट्टी हनुमानगढ़ी के उत्तराधिकारी महंत संजय दास, महंत मैथिलीरमण शरण, महंत मिथिलेश नंदिनी शरण, महंत अवधेश दास, जगद्गुरु डॉ. राघवाचार्य, महंत हेमंत दास, महंत शशिकांत दास, पुजारी राजूदास, राम मंदिर के पुजारी प्रदीप दास शामिल रहे।
इसके अलावा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव, विहिप के संरक्षक मंडल सदस्य दिनेशचंद्र, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री, पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, अभिषेक मिश्र, करुणाकर पांडेय सहित हजारों की संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने लिखा राजसदन के मुखिया बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का निधन अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।