लखनऊ। बख्शी का तालाब के इंदौराबाग मोड़ के पास हुई कंटेनर चालक राममूर्ति (37) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके दूर के रिश्तेदार संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राममूर्ति ने संदीप की महिला रिश्तेदार से छेड़छाड़ की थी। इससे नाराज होकर संदीप ने लोहे की रॉड से वार करने के बाद गला दबाकर राममूर्ति की हत्या कर दी। हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, ई रिक्शा और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
एडीसीपी नॉर्थ ऋषभ रूढ़वाल ने बताया कि 20 जनवरी को रात करीब 11 बजे पुलिस को कंटेनर के अंदर सीतापुर रामकोट इंदापुर इंदौली निवासी राममूर्ति मरणासन्न हालत में मिले थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। उनके पास मिले आधार कार्ड की मदद से उनकी पहचान हुई थी। पिता छोटेलाल ने सीतापुर खैराबाद धनीपुर निवासी रिश्तेदार संदीप कुमार पर बेटे की हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। संदीप जानकीपुरम सेक्टर-8 में झुग्गी-झोपड़ी में रहकर ई रिक्शा चलाता है। सर्विलांस की मदद से उसे इंदौराबाग अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
मीट खरीदकर घर पर की दावत
आरोपी ने बताया कि राममूर्ति जब कंटेेनर लेकर लखनऊ आता था तो उससे मिलता था। 19 जनवरी को भी राममूर्ति कंटेनर लेकर इंदौराबाग पहुंचा। वह ई रिक्शा लेकर उससे मिलने गया। दोनों ने पहले शराब पी और फिर मीट खरीदकर वे उसके घर दावत के लिए पहुंचे। इस बीच संदीप की पत्नी ने बताया कि राममूर्ति ने उनकी महिला रिश्तेदार से छेड़छाड़ की थी। इस पर संदीप व राममूर्ति के बीच झगड़ा हुआ। पत्नी के कहने पर वह राममूर्ति को भिठौली क्रॉसिंग तक छोड़कर घर आ गया।
पहले रॉड से किया हमला, फिर दबा दिया गला
एडीसीपी के अनुसार, कुछ देर के बाद संदीप इंदौराबाग राममूर्ति के पास पहुंचा। छेड़छाड़ की घटना को लेकर राममूर्ति से सवाल किया तो दोनों में हाथापाई होने लगी। इस बीच संदीप ने कंटेनर के केबिन में रखे लोहे की रॉड से राममूर्ति के चेहरे व सिर पर वार कर दिया। खून से लथपथ राममूर्ति केबिन में ही गिर पड़े और आरोपी ने उनका गला दबा दिया। घटना के बाद संदीप ने रॉड को पास में झाड़ियों में फेंक दिया और ई रिक्शा लेकर घर आ गया।
आरोपी संदीप कुमार।