लखनऊ। दिल्ली से देवरिया लौट रहे किसान शिवनारायण सिंह (70) को शुक्रवार तड़के बीबीडी इलाके में झपकी आ गई। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी कार से जा टकराई। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त शिवनारायण हेलमेट लगाए थे।
देवरिया के बेतालपुर बलुआ निवासी शिवनारायण के बेटे राकेश के मुताबिक पिता बाइक से बड़े बेटे अवधेश से मिलने दिल्ली गए थे। शुक्रवार तड़के लौटते वक्त इंदिरा नहर के पास उन्हें झपकी आ गई और उनकी बाइक कार से टकरा गई। हादसे में शिवनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया। उनके पास से मिले मोबाइल से पुलिस ने राकेश को घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद इलाज के दौरान शिवनारायण ने दम तोड़ दिया। उनके परिवार में पत्नी सरस्वती देवी हैं।