अमर उजाला फालोअप
पशुधन प्रसार अधिकारी की पिटाई और रंगदारी मांगे जाने का मामला
साथियों में गहरी नाराजगी, सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की कर रहे मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
राही (रायबरेली)। पशुधन प्रसार अधिकारी की पिटाई और रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपियों ने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए हैं। ऐसे में पुलिस उन तक अभी नहीं पहुंच पाई है। मंगलवार की रात पुलिस ने फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आए हैं। वहीं पशुधन प्रसार अधिकारी के साथ हुई घटना से अन्य साथियों में गहरी नाराजगी है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पशु सेवा केंद्र बेलागुसीसी के पशुधन प्रसार अधिकारी प्रशांत सिंह के साथ 20 नवंबर को गो आश्रय स्थल बेलागुसीसी में न सिर्फ दबंगों ने मारपीट की थी, बल्कि प्रतिमाह 20 हजार रुपये की मांग की थी। दरअसल, गो आश्रय स्थल में गोवंशों को हरा चारा के बजाय पैरा खिलाया जा रहा था। इस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और बीडीओ राही ने नाराजगी जताई थी। नाराजगी के चलते प्रधान व उसके गुर्गों ने पशुधन प्रसार अधिकारी के साथ मारपीट की थी।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पूरे भुजवन हमीरमऊ मजरे बेलाभेला गांव निवासी एवं बेलाभेला ग्राम प्रधान विनय यादव, पूरे सतकू मजरे बेलाभेला गांव निवासी राजू उर्फ रामसुमेर, राकेश पाल, राम कुमार और तीन अन्य व्यक्ति नाम पता अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने, मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने प्रधान और राजू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है, लेकिन अन्य आरोपी अब तक पकड़ से दूर हैं।
थानेेदार राजेश कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापा मारा जाता है। फरार दो नामजद आरोपियों ने मोबाइल बंद कर लिए हैं। इससे उनकी लोकेशन मिलने में दिक्कत आ रही है। वहीं अज्ञात हमलावरों के नाम पते के बारे में जानकारी जुुटाई जा रही है। जल्द फरार भी हमलावर पकड़े जाएंगे।