तीन दिवसीय संघर्ष के बाद भी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय न
लिए जाने से नाराज दर्जनों शिक्षणेतर कर्मचारी एक बार फिर कार्य बहिष्कार
पर उतर आए हैं।
कर्मचारियों ने मंगलवार को शिक्षा भवन स्थित संयुक्त शिक्षा
निदेशक, डीआईओएस, बीएसए व एडी बेसिक कार्यालयों में ताला बंदी कर दी। इससे
काफी देर तक लोग अंदर फंसे रहे।
शिक्षणेतर कर्मचारियों के आंदोलन के चलते
विभाग में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। उन्होंने समस्याओं का निस्तारण न
होने की स्थिति में 26 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है।
यूपी
एजूकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफीसर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को जिला विद्यालय
निरीक्षक कार्यालय परिसर में मंडलीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया।
इसमें
राजधानी समेत लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव व हरदोई के शिक्षा
विभाग के सभी राजकीय लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। संगठन की
मांगों को लेकर सरकार व विभाग के रवैये से नाराज शिक्षणेतर कर्मचारियों ने
पूरी तरह से तालाबंदी कर दी।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री
शिवबरन सिंह यादव ने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का निस्तारण न हुआ तो 26
से प्रदेश में कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।