देवा कस्बा के भयारा मार्ग पर एक पेड़ के नीचे बोरे में 20 तलवारों की बरामदगी के बाद सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धारदार तलवारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अजमेर से आने वाली टूरिस्ट बस से लाई जा रही यह तलवारें जायरीन यहीं छोड़कर चले गए है।
छोड़ने के पीछे माना जा रहा है कि बुधवार को बहराइच में पुलिस द्वारा तलवारों के बरामदगी और पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद बचाव में यह कदम उठाया गया है। एसपी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि तलवारों की बरामदगी की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। आने वाली सभी बसों की निगरानी के निर्देश दिए गए है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली व कस्बा देवा के मोहल्ला कचेहरान अंतर्गत भयारा मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह जायरीनों से भरी बस खड़ी थी। इसी दौरान वहां पर बस की छत से तलवारों से भरा एक बोरा गिर गया। जिसके खुलते ही उसमें से तलवार निकली। तलवार देखते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन पर सूचना दिया। सीओ सिटी आरएन सिंह ने बताया जायरीनों के राजस्थान से लेकर तलवार आने की चर्चा की जा रही है। वहां ये खुलेआम बिकती हैं।