तेंदुआ पकड़ने के लिए टिकरा गांव में रखा गया पिंजरा
जैदपुर (बाराबंकी)। चार दिन से जैदपुर थाना क्षेत्र के कई गांवों में दहशत का पर्याय बने तेंदुआ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बृहस्पतिवार को टिकरा गांव के बाहर बाग में पिंजरा रखा है। बकरी बांध उसकी निगरानी तेज कर तेंदुआ पकड़ने की कवायद शुुरु की गई है।
मालूम हो कि हरख रेंज के टिकरा, उस्मा समेत आसपास के कई गांवों में चार दिन से तेंदुआ लगातार देखा जा रहा था। बीते मंगलवार की रात क्षेत्र के बरौली मलिक व टिकरा गांव के बीच में मजार के पास ग्रामीणों ने तेंदुए की दहाड़ सुनी थी।
सूचना पर पहुची टीम को कांबिंग के दौरान मिले पग चिन्ह से तेंदुए की पुष्टि हुई थी। चार दिन से तेंदुए की दहशत ग्रामीणों में बनी हुई है। गुुरुवार की सुबह दोबारा पगचिन्ह मिलने पर वन विभाग द्वारा टिकरा गांव के बाहर आम की बाग में पिंजरा रखकर बकरी बांध दी गई।
रेंजर ओमप्रकाश का कहना है कि पिंजरे में बकरी बांधकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। रात की निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।