यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने मंगलवार शाम को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित इलाहाबाद बैंक परिसर में इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान बुधवार व गुरुवार को प्रस्तावित हड़ताल में सभी बैंक कर्मियों और अधिकारियों से समर्थन देने का आह्वान किया गया।
प्रदर्शन के दौरान यूएफबीयू के राज्य संयोजक वाईके अरोड़ा ने कहा, करीब छह महीने तक वेतन वृद्धि रोके रखने के बाद आईबीए ने केवल दो प्रतिशत की वृद्धि दी है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।
महामंत्री केके सिंह ने कहा, बड़े उद्योग घरानों को हजारों करोड़ रुपये का लोन देकर लाखों करोड़ का घाटा झेल रहे बैंक प्रबंधन व केंद्र सरकार की नीतियां कर्मचारियों के खिलाफ हैं। इस नाते हमारे लिए आंदोलन व हड़ताल का रास्ता ही बचा है।
प्रदर्शन में दिलीप चौहान, एसके संगतानी, पवन कुमार, एसडी मिश्र, राकेश पांडेय, यूके दुबे, परमानंद, डीपी वर्मा, विनय सक्सेना, राजेश श्रीवास्तव, अनिल तिवारी और दीप वाजपेयी मौजूद थे।