हाथी दांत के साथ गिरफ्तार तस्कर
- फोटो : अमर उजाला
हाथी दांत बेचने की कोशिश कर रहे चार तस्करों को एसटीएफ ने लखनऊ के बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन के पास दबोच लिया। इस ऑपरेशन में एसटीएफ के साथ वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की टीम भी शामिल थी। एसटीएफ के आईजी अमिताभ यश ने बताया एसटीएफ को पिछले दिनों हुई एक इंटर एजेंसी मीटिंग में सूचना मिली थी कि लखनऊ में कुछ लोग हाथी दांत की तस्करी में लिप्त हैं।
इसके बाद एसटीएफ की टीम इन तस्करों का सुराग लगाने में जुट गई थी। मंगलवार को इन तस्करों के बादशाहनगर क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इस पर एसटीएफ व वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने साझा अभियान में चार तस्करों को दबोच लिया।
इनमें सुरेंद्र सिंह निवासी खटीमा उधमसिंह नगर उत्तराखंड, रमेश बाबू निवासी विनायक नगर, कादरपुर बरेली, कन्हई लाल निवासी उमरसिया बरेली व अनवर मसीह निवासी मिशन स्कूल कॉलोनी बरेली शामिल हैं। इनके पास से एक हाथी दांत भी बरामद हुआ।
एसटीएफ के मुताबिक जानकारी मिली थी कि सुरेंद्र सिंह के पास एक हाथी दांत है, जिसे वह किसी को बेचना चाह रहा है। पूछताछ में अनवर मसीह ने बताया कि वे लोग सुरेंद्र सिंह के पास यह हाथी दांत देखने आए थे और संतुष्ट होने पर बुधवार को इन्हें एडवांस पैसे देते, पर उसी समय दबोच लिए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ महानगर थाने में अभियोग दर्ज कराया गया है।