लखनऊ। जमीन के बंटवारे को लेकर शुक्रवार रात बरकतनगर भट्ठी गांव निवासी साहबदीन की पीटकर हत्या के आरोपी उसके इकलौते बेटे मुकेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया। प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार गिरी के अनुसार, शनिवार सुबह खुजौली चौराहे के पास से घेराबंदी कर मुकेश को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पूछताछ मे मुकेश ने जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसकी मां की मौत के बाद पिता ने राधिका से दूसरा विवाह कर लिया। इसके बाद पिता ने करीब आठ बीघे जमीन भी बेच दी। साहबदीन फिर जमीन बेचने की फिराक में था। विरोध करने पर उसका अपने पिता से विवाद होता था। इसी को लेकर शुक्रवार को फिर उसकी पिता से कहासुनी होने पर गुस्से मे आकर फावड़े के बेंट से पिता पर वार कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।