कभी गार्ड तो कभी केजीएमयू का कर्मचारी बनकर करता था टप्पेबाजी
लखनऊ। कभी गार्ड तो कभी केजीएमयू का कर्मचारी बनकर लोगों को जेवर उड़ाने के आरोपी टप्पेबाज को चौक पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तीन साल में चार घटनाओं को अंजाम दे चुका था।
इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी चिनहट के हरदासी खेड़ा में रहने वाला गुरु प्रसाद है। इसे केजीएमयू के गेट से पकड़ा गया। 24 फरवरी को बस्ती निवासी अबीदुल्लाह मां जमीला खातून का इलाज कराने केजीएमयू आए थे। ओपीडी का पर्चा बनवाने के लिए वह पूछताछ कर रहे थे। तभी गुरु प्रसाद आ गया। उसने खुद को केजीएमयू का कर्मचारी बताया और अबीदुल्लाह को पर्चा बनवाने के लिए भेज दिया। इस बीच आरोपी जमीला को बातों में उलझा कर पीआरओ ऑफिस के पास पहुंचा और उनके जेवर लेकर भाग निकला था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है।