कंप्यूटर चुराने के आरोप में गुड़गांव की एक निजी कंपनी के निदेशक को आरपीएफ की टीम ने बृहस्पतिवार को आधुनिक रेल कोच कारखाना, लालगंज के एडमिन ब्लॉक से गिरफ्तार कर लिया। रेलवे एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
आरपीएफ ने बताया कि लालगंज स्थित आधुनिक रेल कोच कारखाना में गुड़गांव की एसएम टेक्नोमेटिक कंपनी के निदेशक गौरव परमार कोच फैक्टरी में सामान सप्लाई करता था। वह 24 मई को कारखाना के डिप्टी सीएमएम बलवीर सिंह से सामान सप्लाई के बाबत बात करने आया था।
इस दौरान कॉल आने से बलवीर बाहर चले गए। जब लौटे तो कमरे से गौवर परमार व कंप्यूटर दोनों गायब थे। इसकी सूचना उन्होंने आरपीएफ चौकी को दी। मामले की जांच आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएस गंगवार व सब इंस्पेक्टर हरीश कुमार को दी गई।
उन्होंने एडमिन ब्लॉक में छिपे बैठे गौरव को कंप्यूटर के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त गौरव ने गले में सोने की मोटी चेन, कानों में बाले, महंगी घड़ी व मोबाइल सेट था।