उधर, गोरखपुर में दूसरी पाली में परीक्षा केंद्र पर देर से प्रश्नपत्र पहुंचने से लगभग 500 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने से इंकार कर दिया। अब इन्हें सोमवार को दोबारा परीक्षा देने के लिए बुलाया गया है। भर्ती बोर्ड के चेयरमैन आरके विश्वकर्मा ने बताया कि हर जिले में दो-दो बफर सेंटर भी बनाए गए हैं।
इसके तहत यदि निर्धारित सेंटर पर परीक्षा नहीं हो पाती है तो उसे तत्काल बफर सेंटर में स्थानांतरित किया जा सकता है और वहां परीक्षा कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर में पेपर के विलंब से पहुंचने के कारण जो अभ्यर्थी परीक्षा नहीं दे सके, उन्हें सोमवार को वैकल्पिक स्थिति के लिए आरक्षित किए गए परीक्षा केंद्रों (बफर सेंटर) पर बुलाया गया है।
डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान राजधानी के तीन परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक दौरा किया। इसमें गोमतीनगर का टीडी इंटर कालेज और दि इंडियन पब्लिक इंटर कालेज और महानगर के दयानंद कन्या इंटर कालेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को समुचित सुविधा उपलब्ध कराने और अन्य व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।